वाराणसी के वरुणा जोन के तीन सर्किल और 10 थानों में अफसर से लेकर सिपाही तक सड़क पर नजर आएंगे। जोन में राउंड-द-क्लॉक आपरेशन चक्रव्यूह चलाया जाएगा, संवेदनशील इलाकों में जिग जैग बैरियर स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक थाने में चेकिंग टीम प्वाइंट पर तैनात रहेगी, जो वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करेगी। वहीं जोन की क्राइम ब्रांच और क्यूआरटी चक्रमण करेगी। सारनाथ, कैंट और रोहनिया सर्किल में प्रतिबंधित चाइनीज और नॉयलॉन मांझा के खिलाफ सख्त अभियान चलेगा। थानेदार पेशेवर अपराधियों, माफियाओं और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ गुण्डा/गैंगेस्टर की कार्रवाई करेंगे। वहीं थानों के मेन गेट पर टॉप-10 अपराधियों की सूची चस्पा कर उनकी निगरानी भी करेंगे। मंगलवार रात वरुणा जोन के DCP चंद्रकांत मीना ने एसीपी और थानेदारों के साथ समीक्षा बैठक में पुलिस कमिश्नर के आदेशों से सभी को अवगत कराया। मीटिंग के दौरान शहर से लेकर देहात तक बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, अनाधिकृत लाउडस्पीकर हटवाने, रात्रि गश्त या पिकेट ड्यूटी की एसीपी द्वारा चेकिंग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा टॉप-10 अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही, आपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई, थानों पर मौजूद पुलिस बल के ऑडिट, प्रतिबन्धित मांझा के विरूद्ध सख्ती, निरोधात्मक कार्रवाई (HS/गुण्डा/गैंगेस्टर), माफियाओं के विरूद्ध कार्रवाई समेत प्रमख बिन्दुओं पर चर्चा हुई। DCP चंद्रकांत मीना ने बताया कि हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी, साधारण चोरी, चेन-स्नैचिंग जैसी घटनाओं का शीघ्र अनावरण कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पुरस्कार घोषित व टॉप-10 अपराधियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाएं, गैंगेस्टर एक्ट में पंजीकृत अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की जाए। अधिक स्थानों को चिन्हित कर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं आमजन को प्रेरित करें। यातायात व्यवस्था के तहत चौराहों, प्रमुख स्थानों पर सक्रियता बरते। शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, ओवरलोड, तीन सवारी, बिना हेलमेट, मोबाइल फोन का प्रयोग कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान करें। धार्मिक स्थलों पर लगें अनाधिकृत लॉउड स्पीकरों को हटवाएं और समस्याओं को थाना प्रभारी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। आगामी महाकुम्भ मेला-2025 के लिए यातायात व्यवस्था, वाहन पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। दुकानों के सामने सड़क का अतिक्रमण हटवाएं और प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजें। इस दौरान एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी कैंट विदुष सक्सेना, एसीपी राजातालाब संजीव शर्मा, इंस्पेक्टर कैंट राजकुमार शर्मा, इंस्पेक्टर शिवपुर उदयवीर, एसओ सारनाथ विवेक त्रिपाठी समेत सभी थानेदार मौजूद रहे


