निकाय चुनाव:पूर्व सांसद, विधायक, महापौर और संगठन के नेताओं ने भी की मेयर पद की दावेदारी

नगरीय निकायों में आरक्षण के साथ ही सत्ताधारी दल भाजपा और कांग्रेस के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। जिस तरह से 10 नगर निगमों में आरक्षण के बाद जो स्थिति​ है उसके मुताबिक कई स्थानों पर तो पूर्व विधायक, पूर्व सांसद रहे नेता भी मेयर की दावेदारी कर रहे हैं। निकायों में इस बार महापौर और अध्यक्षों का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। यानी इन पदों के लिए जो भी दावेदार होगा वह पार्टी का चेहरा होगा। भास्कर ने प्रदेश के दस नगर निगमों में दावेदारों के नाम खंगाले तो सरकार में होने के कारण भाजपा में दावेदारों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी ओर विपक्ष में होने के बाद भी निकाय चुनाव में बेहतर ​परिणाम को देखते हुए कांग्रेस में भी दावेदारों की संख्या कम नहीं है। दुर्ग में स्व.हेमचंद यादव की पत्नी भी दावेदार
भाजपा में पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर की स्वाभाविक दावेदारी मानी जा रही है। इसी तरह पूर्व मंत्री दिवंगत हेमचंद यादव की पत्नी लीला यादव का नाम भी चर्चा में है। जिला भाजपा उपाध्यक्ष अलका बाघमार, महिला मोर्चा की महामंत्री गायत्री वर्मा, मानसी गुलाटी और पार्षद लीना देवांगन का नाम सामने आ रहा है। इसी तरह कांग्रेस में महिला कांग्रेस का लंबे समय तक नेतृत्व करने वाली रामकली यादव, पूर्व महापौर आरएन वर्मा की पत्नी सत्यवती वर्मा, तीन बार की सीनियर पार्षद जमुना साहू, दो बार की पार्षद गायत्री साहू के नाम की चर्चा है। धमतरी में दोनों दलों से पूर्व विधायकों की दावेदारी
धमतरी इस बार सामान्य कर दिया गया है। इसलिए दोनों दलों से दावेदारों की फौज दिखाई दे रही है। कांग्रेस से जहां पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, वर्तमान मेयर विजय देवांगन समेत दस से अधिक दावेदार हैं तो वहीं भाजपा में भी पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदर चोपड़ा समेत 10 से ज्यादा नेता अपनी दावेदारी कर रहे हैं। जगदलपुर से भाजपा में दावेदारों की संख्या ज्यादा
जगदलपुर सीट सामान्य हो गया है। महापौर रही सफीरा यादव की दावेदारी स्वाभाविक रहेगी इसके अलावा भाजपा से संजय पांडेय, नरसिंग राव, मनीष पारख जैसे कई नाम हैं जबकि कांग्रेस पूर्व विधायक रेखंचद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, राजू शर्मा और मलकीत गैदू में ​से किसी एक को चुनाव लड़ाना चाह रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *