पर्यटन नगरी उदयपुर के डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं का विस्तार जारी है। यहां अब 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए “बाल चौपाल’ चिल्ड्रन पार्क की सुविधा विकसित की गई है। डायरेक्टर योगेश नगाइच ने बताया कि तय आयु वर्ग के बच्चों के खेल-कूद के लिए यह सुविधा नि:शुल्क रहेगी। निशुल्क बाल चौपाल विकसित करने वाला उदयपुर देश का पहला एयरपोर्ट है। इसका उद्घाटन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार ने किया। बाल चौपाल में बच्चों के खेल-कूद के लिए स्लाइड, बॉस्केट बॉल, विभिन्न रंगों की बॉल, नरम-मुलायम सोफे मिलेंगे। इसके अलावा इस जगह को कई प्रकार के खिलौनों से भी सजाई गई है। नए वीआईपी लाउंज, सोफे, नए रेस्त्रां सहित अन्य सुविधाएं दी, फिर भी गिर गई रैंकिंग उदयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से पिछले 8 माह से सुविधाओं का विस्तार जारी है। यह कस्टमर सेटिस्फेकशन (ग्राहक संतुष्टि) में अव्वल आने की कवायद भी है। देश के 20 लाख से कम यात्रीभार वाले 64 एयरपोर्ट की सूची में उदयपुर साल 2024 के राउंड-2 की रिपोर्ट में 8वें नंबर पर पहुंच गया था, जबकि इससे पहले साल 2020, 2021 और 2022 के पहले राउंड तक लगातार तीन बार नंबर-1 रहा। यहां नए वीआईपी लाउंज, नए सोफे, नए रेस्त्रां सहित अन्य सुविधाएं पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके बावजूद रैंकिंग का गिरना किसी के भी गले नहीं उतर रहा। अब फिर नंबर-1 पर पहुंचने की उम्मीद है। ग्राहक संतुष्टि सर्वे में स्वच्छता, पार्किंग, बैगेज डिलीवरी स्पीड, वाईफाई, रेस्टोरेंट, खाने की सुविधा सहित अन्य मापदंड शामिल हैं।


