भास्कर संवाददाता | पाली गहलोत सरकार ने मार्च 2023 में पाली को भी संभाग घोषित किया था। डेढ़ साल बाद ही 28 दिसंबर को भजनलाल सरकार ने संभाग का दर्जा छीन लिया। संभाग बहाली के लिए अब कांग्रेस ने आंदोलन की रणनीति बनाई है। नोटिफिकेशन के दसवें दिन मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अजीज दर्द और विधायक भीमराज भाटी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने रैली निकाली। कलेक्ट्रेट परिसर में ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संभाग बहाली की मांग की। इस मौके पर विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार ने संभाग हटाकर पालीवासियों के मन की चिंगारी भड़काई है, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि बजट सत्र मेंे वे विधानसभा में संभाग बहाली की मांग उठाएंगे। इधर, पाली संभाग बहाली की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से पाली, जालोर व सिरोही जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पाली में बड़ा आंदोलन करने की रणनीति बनाई है। इसके तहत आगामी दिनों में पाली में रैली की जाएगी, जिसमें पीसीसी चीफ गोविंदसिंह कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत प्रदेश के कई नेता भाग लेंगे। इससे पहले मंगलवार सुबह 11 बजे जिलेभर से आए कांग्रेस नेता कांग्रेस भवन में पहुंचे। दोपहर एक बजे रैली के रूप में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीज दर्द और विधायक भीमराज भाटी के नेतृत्व में रवाना हुआ। कलेक्टर के चैंबर के बाहर धरना देकर बैठ गए और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यपाल के नाम का ज्ञापन एडीएम को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि राज्य सरकार ने पाली संभाग को ही निरस्त कर यहां की जनता के हितों पर कुठाराघात किया है। प्रदर्शन के दौरान पीसीसी मेंबर शिशुपालसिंह राजपुरोहित, महावीरसिंह सुकरलाई, शहर ब्लॉक अध्यक्ष जीवराज बोराणा, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम बिड़ला, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला, नेता प्रतिपक्ष हकीम भाई मौजूद थे। विधायक भीमराज भाटी ने बताया कि पाली संभाग बहाली के लिए सिरोही, जालोर व पाली जिले के कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल व विधानसभा में प्रत्याशी रहे कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाई जाएगी। पाली में संभाग बहाली के लिए आंदोलन की तारीख जयपुर में पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से मिलने के बाद तय होगी।


