इंदौर से इंडिगो की 10 उड़ानें आज भी रद्द:मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु रूट प्रभावित; भोपाल से सभी उड़ानें संचालित

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल से लगातार तीसरे दिन उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। पिछले दो दिनों की तरह शुक्रवार को भी इंडिगो एयरलाइंस ने 10 उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की। हालांकि यह संख्या बीते दिनों की तुलना में कुछ कम है, लेकिन जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उनके लिए परेशानी बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार, जिन रूटों की उड़ानें पिछले कुछ दिनों से निरस्त चल रही हैं, वे आने वाले एक से दो हफ्तों तक रद्द ही रह सकती हैं। इसकी वजह ऑपरेशनल शेड्यूल में बदलाव और विमान उपलब्धता का कारण बताया जा रहा है। इधर, भोपाल एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया है कि आज भोपाल से कोई भी उड़ान रद्द नहीं की गई है। सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु की उड़ानें रद्द इंदौर एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार क्रू की कमी के कारण दिसंबर की शुरुआत से इंडिगो द्वारा निरस्त की जा रही उड़ानों के क्रम में कल कमी जरूर आई, लेकिन फिर भी 10 उड़ानें निरस्त रही और आज भी इतनी ही उड़ानें निरस्त हैं। इनमें इंदौर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु की उड़ानें शामिल हैं। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों के निरस्त किए जाने के साथ ही यात्रियों को तुरंत टिकट की राशि रिफंड की जा रही है। साथ ही कोशिश की जा रही है कि इन मार्गों पर जो अन्य उड़ानें हैं उनमें यात्रियों को एडजस्ट किया जाए ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। इंडिगो के साथ ही कल स्टार एयर ने भी इंदौर से गोंदिया और अहमदाबाद के बीच चलने वाली अपनी सभी 4 उड़ानों को निरस्त कर दिया। इसके कारण भी इन उड़ानों में बुकिंग कर चुके यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी इससे पहले भी इन उड़ानों को निरस्त कर चुकी है। इंदौर एयरपोर्ट का निरीक्षण देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि की गई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जनरल मैनेजर एनबी गोयल (नई दिल्ली) एवं एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने गुरुवार को एयरपोर्ट का दौरा कर यहां यात्री सुविधाओं की समीक्षा की और कर्मचारियों व यात्रियों से संवाद किया। एएआई सभी स्टेक होल्डर्स के साथ मिलकर सुगम और सुरक्षित यात्री अनुभव व सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी कर रहा है। यहां टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा क्षेत्रों, पार्किंग एवं अन्य सभी यात्री सुविधाएं सुचारु रूप से कार्यरत हैं। चेक-इन काउंटरों पर भीड़ न हो, इसके लिए भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *