बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छता के लिए जागरूक करेंगी छात्राएं

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर ग्राम पंचायत भवन भंडारपारा प्रांगण में शासकीय गर्ल्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने भारत सरकार युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय, नई दिल्ली से प्रायोजित और संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर से संचालित विशेष सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एसएन पाण्डेय, जिला संगठक प्रो. एमसी हिमधर और कॉलेज की प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि रही नपा अध्यक्ष और जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष नविता शिवहरे शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत भंडारपारा की सरपंच शिवकुमारी मिंज, उपसरपंच अन्नू राजवाड़े और नंदन मिंज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, राजकीय गीत व एनएसएस लक्ष्य गीत से हुई। अतिथियों का बैज लगाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सात दिवसीय कार्ययोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन लल्ली, चंदा, सुहानो, आरती कुजूर व निशा बखला ने किया। शिविर नायिकाओं आरती कुजूर और निशा बखला के नेतृत्व में 50 स्वयंसेविकाएं सात दिनों तक ग्राम में रहकर बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छता, नशामुक्ति, यातायात व स्वास्थ्य जागरूकता, विभिन्न कानूनों की जानकारी और अन्य सामाजिक मुद्दों पर ग्रामीणों को जागरूक करेंगी। इसके लिए छात्राओं के पांच दल रानी दुर्गावती, मिनी माता, बिलासा देवी, लक्ष्मीबाई और राजमोहिनी देवी गठित किए गए हैं। दल प्रभारियों में रूपा राजवाड़े, चंचल चौधरी, पूजा राजवाड़े, अमोल कुमारी और भारती शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *