शेयर में निवेश पर 15 दिन में 100 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर बीएसएनएल के रिटायर्ड कर्मचारी से 1 करोड़ 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत बाद क्राइम ब्रांच ने 25 लाख रुपए सुरक्षित करवा लिए। वहीं, धोखाधड़ी करने वालों की तलाश की जा रही है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़ित ने नाम न छापने की शर्त पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। बताया कि एक नंबर से वाट्सएप मैसेज आया था। ईशानी मेहता नामक महिला ने खुद को एनडब्लूआईएल (NWIL) ब्रोकरेज कंपनी के अर्जुन हिंदुजा की असिस्टेंट बताकर शेयर मार्केट में निवेश करने पर प्रीमियम ब्रोकरेज सर्विस देने की बत कही थी। ईशानी एवं अर्जुन हिंदुजा ने लगातार संपर्क कर वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा जिसमें निवेशकों के ऐसे मैसेज आए जिसमें नए निवेशकों को तत्काल अच्छा खासा मुनाफा दिखाया जा रहा था।
पीड़ित ने बताया मुझे झांसे में लेकर ईशानी ने एक लिंक भेजी जिससे में ग्रुप में जुड़ गया। फिर एक लिंक भेजकर मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई। इसमें ट्रेडिंग एवं डिमेट अकाउंट खोला गया। निवेश पर 9 करोड़ 22 लाख का लाभ दिखाया
पीड़ित ने बताया कि मुझे आईपीओ में आने वाले शेयरों को डिस्काउंट पर देने की बात कही। मैंने आईपीओ में डिस्काउंट के शेयर खरीदे। फिर उन्हें बेचने पर मुझे मेरी निवेश राशि मुनाफे के साथ 9 करोड़ 22 लाख 87 हजार 330 रुपए बताई गई। इतनी राशि देख मैंने रुपए निकालना चाहे तो अर्जुन और ईशानी ने मुझे 1 करोड़ 13 लाख 48,009 रु. का टैक्स जमा कराने को कहा। शंका होने पर तत्काल क्राइम ब्रांच को शिकायत की।


