इंदौर में भाजपा‎ VS भाजपा‎:पार्षद के बेटे को कपड़े उतारकर पीटा, एमआईसी सदस्य पर हमले का आरोप

इंदौर में वार्ड-65 के भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के घर शनिवार दोपहर 30 से 40 बदमाशों ने घुसकर कालरा के बेटे के साथ मारपीट की थी। कालरा के बेटे ने रिपोर्ट में लिखवाया कि दोपहर में 30-40 लोग घर में घुस गए। पार्षद पिता को अपशब्द कहे। मुझ पर लाठी-चाकुओं से हमला किया। मेरे सिर पर पिस्टल रखकर धमकाया कि आज के बाद कभी भी पार्षद जीतू यादव या उनके आदमी का नाम लिया तो पिस्टल से उड़ा देंगे। अब कालरा ने पुलिस कमिश्नर व भाजपा नगर अध्यक्ष के समक्ष कहा कि मेरे बेटे के साथ असामाजिक तत्वों ने जो क्रूरता की, उसके बाद से मैं सो नहीं पा रहा हूं। मेरे बेटे के जिस तरह से कपड़े उतारे, बंदूक तानी। मेरी मां के साथ बदतमीजी की। यदि मुझे न्याय नहीं मिला तो पार्टी से इस्तीफा दे दूंगा और पूरे परिवार के साथ आत्महत्या कर लूंगा। इसका जिम्मेदार एमआईसी सदस्य जीतू यादव होगा। वहीं, सिंधी समाज के लोग पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंचे। फिर भाजपा कार्यालय भी गए, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे से मिले। लोगों ने कालरा के घर में हुई मारपीट पर जमकर आक्रोश जताया। कहा कि एमआईसी सदस्य जीतू यादव पर कार्रवाई की जाए। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा से जुुड़े लोग इस्तीफा देंगे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर साक्ष्य जुटाकर जांच की जा रही है। एक एफआईआर कालरा के बेटे की रिपोर्ट पर हुई है। इसमें 40 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। दूसरी शिकायत नगर निगमकर्मी यतींद्र यादव, जिसे कालरा ने फोन पर धमकाया था उसकी रिपोर्ट पर केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *