शिमला जिले के जुब्बल में बिजली लाइन के रखरखाव के दौरान करंट लगने से एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होते ही युवक करंट की चपेट में आ गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह हादसा गुरुवार शाम आईटीआई गेट के पास हुआ। मृतक की पहचान हिमांशु चौहान के रूप में हुई है, जो बिजली बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। हिमांशु मूल रूप से जुब्बल के परौंठी गांव का निवासी था और अविवाहित था। वह ड्यूटी के दौरान नियमित लाइन मेंटेनेंस का काम कर रहा था। काम खत्म होते की लाइन चालू कर दी हादसे की सूचना मिलने पर जुब्बल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मरम्मत कार्य समाप्त होने के तुरंत बाद बिजली बहाल होने से लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे हिमांशु गंभीर रूप से झुलस गया। मामले की जांच कर रही पुलिस बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कर्ण की शिकायत पर जुब्बल थाने में मामला दर्ज किया गया है। जुब्बल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और 289 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं और कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं।


