सतना में दिव्यांग ने लूट के इरादे से बिजलीकर्मी के सीने में गोली मार दी। बिजलीकर्मी ने उससे कट्टा छीन लिया। इसी दौरान दिव्यांग का आर्टिफिशियल पैर निकल गया। फायरिंग की आवाज सुन लोग भी इकट्ठा हो गए, उन्हें लगा कि आरोपी भाग नहीं पाएगा। लेकिन वह एक पैर से ही कूदते हुए फरार हो गया। घटना सिटी कोतवाली इलाके के प्रेम नगर अंडरपास के ऊपर रेलवे लाइन किनारे गुरुवार की है। आरोपी भागते हुए सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने एक पैर से भागते हुए कई राहगीरों से लिफ्ट भी मांगी थी। गोली लगने के बाद भी रामनरेश खुद सिटी कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। ड्यूटी से लौटते समय किया हमला
घटना उस समय हुई जब 60 वर्षीय रामनरेश वर्मन, जो बिजली विभाग में चपरासी हैं, ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। अचानक एक दिव्यांग युवक ने पास आकर कट्टे से उन पर फायर कर दिया। गोली सीधे उनके सीने में लगी। इसके बावजूद रामनरेश ने हार नहीं मानी। वे हमलावर पर टूट पड़े और उसे पकड़ने की कोशिश की। रामनरेश वर्मा ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। वे आरोपी को जानते भी नहीं हैं। गुरुवार रात ड्यूटी से लौटते वक्त अचानक आरोपी ने हमला कर दिया। दिव्यांग आरोपी एक पैर से ही हुआ फरार
घटना के बाद लोगों को लगा कि आरोपी बिना कृत्रिम पैर के भाग नहीं पाएगा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह एक पैर से ही घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में जब पुलिस पहुंची और फुटेज खंगाले, तो आरोपी को अंडरपास की सीढ़ियों से नीचे उतरते और सड़क की ओर जाते हुए देखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रास्ते में ऑटो रुकवाने और एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगने की कोशिश की, लेकिन पैर गायब देख लोगों ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया। आरोपी की तलाश जारी
पुलिस को जो कृत्रिम पैर मौके से मिला है, उस पर ‘राजेंद्र’ नाम लिखा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस धवारी, राजेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में दिव्यांग लोगों से पूछताछ कर रही है। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं, और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।


