भौंती में शिक्षक हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पुरानी रंजिश में रची साजिश, पीछा कर वेयरहाउस पास गोली मारी थी

शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में शिक्षक कल्याण लोधी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्राण सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी संजीव मुले ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। यह घटना 1 दिसंबर की शाम हुई थी। शिक्षक कल्याण लोधी अपने चचेरे भाई अनिल लोधी के साथ कमलपुरा स्कूल से गांव ऊमरीकला लौट रहे थे। तभी गणेशखेड़ा वेयरहाउस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल कल्याण लोधी ने झांसी ले जाते समय दम तोड़ दिया। शुरुआत में परिजनों ने मुरारी लोधी, उसकी पत्नी सविता और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के चाचा बीरसिंह लोधी और मुरारी लोधी के बीच 2019 से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर मुरारी ने कल्याण को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। दोनों आरोपी स्कूल से ही पीछा कर रहे थे
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार (11 दिसंबर) को ग्राम भगवंतपुरा निवासी प्राण सिंह यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुरारी लोधी ने प्राण सिंह को अपने मामलों में मदद का भरोसा दिया था और बदले में हत्या करवाने को कहा था। वारदात वाले दिन सुबह मुरारी की पत्नी सविता और एक युवक ने प्राण सिंह को देशी कट्टा दिया। बाद में पिछोर कोर्ट के बाहर मुरारी ने उसे 12 बोर का कारतूस दिया और अपने दामाद जितेंद्र उर्फ कल्ला लोधी के साथ भेजा। दोनों ने कमलपुरा स्कूल से ही कल्याण लोधी का पीछा शुरू किया। गणेशखेड़ा वेयरहाउस के पास प्राण सिंह ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के दौरान कट्टा टूट गया था, जिसका टुकड़ा पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया है। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि नाहर सिंह लोधी, रामजीलाल लोधी और प्रदीप दुबे का इस वारदात से कोई संबंध नहीं है। गिरफ्तार आरोपी पर अब आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। अन्य आरोपी मुरारी लोधी, सविता लोधी और जितेंद्र उर्फ कल्ला की तलाश जारी है। भौंती, पिछोर, खोड़, मायापुर और सायबर सेल की टीमों ने इस खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी प्राण सिंह को आज (शुक्रवार) न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *