हरियाणा के हिसार-जींद में शिमला जैसी ठंड:5 जिलों में धुंध, शीतलहर चल रही, खनौरी बॉर्डर पर 3 डिग्री तापमान

हरियाणा के 5 जिलों में बुधवार सुबह धुंध छाई। इन जिलों में पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल और पंचकूला शामिल हैं। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कुछ जगह धूप निकल आई। अधिकतर जिलों में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग ने 3 दिन ठंड के डबल अटैक का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 जिलों में घने कोहरे के साथ कोल्ड वेव चलेगी। इनमें कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। राज्य में 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। प्रदेश में ठंड का हाल यह हो गया है कि यमुनानगर जिले को छोड़कर अन्य 21 जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। हिसार और जींद जिलों में शिमला जैसी ठंड पड़ रही है। इन दोनों जिलों का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं हरियाणा और पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर 3 डिग्री न्यूनतम तापमान पहुंच गया है। यहां किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल 43 दिन से मरणव्रत पर बैठे हुए हैं। 15 डिग्री से नीचे अधिकतम तापमान मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध रहेगी। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। एक दिन पहले मंगलवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। अंबाला और पानीपत में दिन सबसे ठंडे रहे। अंबाला का अधिकतम तापमान 13.3 और पानीपत का 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। 11-12 जनवरी को बारिश के आसार हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 10 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने के आसार हैं। इस दौरान उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में सुबह धुंध छाएगी, लेकिन एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 10 जनवरी की रात से हवाओं में बदलाव होगा। उत्तर पूर्वी हवाएं चलने से 11 व 12 जनवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है, लेकिन 13 जनवरी से मौसम खुश्क रहेगा, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *