स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पर ट्रक पलटा:चालक सहित 4 बच्चों की मौत, सरकार ने 13 जनवरी तक बंद किए हैं स्कूल, आक्रोश

रामगढ़ के गोला स्थित मठवाटांड दामोदर रेस्टोरेंट के पास स्कूली बच्चों से भरे ऑटो का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में ऑटो चालक सहित गुडविल मिशन स्कूल तिरला के तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई बच्चे घायल हो गए। एक्सिडेंट होते ही वहां पर चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग भागे-भागे मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को निकाला। सभी घायलों को गोला के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया है। ऑटो पर पलटा ट्रक जानकारी के मुताबिक आलू लदा एलपी ट्रक बोकारो से गोला की ओर आ रहा था। इसी दिशा से स्कूली बच्चों से भरा ऑटो भी आ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ऑटो पर ही पलट गई। कई बच्चे ट्रक की चपेट में आ गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सड़क को जाम कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुट गई। वहीं सड़क को धीरे-धीरे खाली कराने का प्रयास किया। सड़क पर पलटे ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है। हादसे में इनकी गई जान इस सड़क हादसे में छह साल के अनमोल कुमार (पिता करण महतो), छह साल के आशीष कुमार (पिता नेमधारी महतो) और ऑटो चालक 27 वर्षीय शरफ़राज अंसारी की मौत हो गई। मृत एक अन्य बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं घायलों के नाम का अभी तक नहीं पता चल पाया है। ऑटो में कुल 11 सवार थे। 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश इस हादसे के बाद राज्य सरकार के आदेश की पोल खुल गई है। दरअसल बढ़ते ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने केजी से 8वीं तक की कक्षाएं बंद रखने का आदेश दिया है। सरकार के संयुक्त सचिव नंदकिशोर लाल के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूल बंद रखने का यह आदेश सरकारी, गैर सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों पर लागू रहेगा। ऐसे में सवाल उठ रहा है गुडविल मिशन स्कूल तिरला क्लासेस कैसे संचालित कर रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *