बर्फीली तेज हवा ने शहर में ठिठुरन और बढ़ा दी है। शुक्रवार को इस सीजन का सबसे सर्द दिन रहा और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आगामी चार-पांच दिनों तक भी कड़ाके की ठंड के साथ बर्फीली हवा चलने का क्रम बना रहने की संभावना है।
शहर में करीब एक सप्ताह से सर्द हवा चल रही है। शुक्रवार को हवा की रफ्तार बढ़ गई। दिन में 6 और शाम को 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली सर्द हवा चलती रही। तेज सर्द हवा चलने की वजह से 24 घंटों के भीतर दिन में पारा 3 डिग्री सेल्सियस कम हो गया। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में दिन का यह सबसे कम तापमान है। इधर, रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के बावजूद कड़ाके की ठंड से लोग जूझते रहे। गुरुवार-शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चार-पांच दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान लगाया है।


