जैसलमेर एसपी सुधीर चौधरी द्वारा पकड़े गए फर्जी आरएएस अधिकारी, अजमेर के हरजीत सिंह को कोर्ट ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब पुलिस उससे बॉर्डर के जिले में फर्जी आरएएस अधिकारी का आईडी कार्ड बनाने व अपनी गाड़ी को सरकारी गाड़ी जैसी बनाकर लाल बत्ती लगाकर घूमने के मामले में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि हरजीत सिंह (32) पुत्र करतार सिंह अजमेर के बोराज रोड़, फायसागर का रहने वाला है। वो गाड़ियों को किराए पर देने और किसी लोकल चैनल के लिए पत्रकारिता करने की भी बात कह रहा है। पुलिस अजमेर में उसके परिजनों और अन्य लोगों से भी हरजीत को लेकर पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही उसने फर्जी आरएएस बनकर अब तक कितने लोगों के साथ ठगी की है उसकी भी पड़ताल की जा रही है। स्टेट मोटर विभाग में अजमेर नंबर गाड़ी देख हुआ शक सोमवार रात करीब 9 बजे सोनार किले में हरजीत सिंह अपनी इनोवा गाड़ी लेकर घुसा। गाड़ी के आगे-पीछे लाल रेडियम से स्टेट मोटर विभाग, राजस्थान सरकार लिखा हुआ था। गाड़ी के अन्दर बैठे व्यक्ति से जब पुलिस ने नाम-पता पूछा तो अपना नाम हरजीत सिंह पुत्र करतार सिंह, निवासी अजमेर बताया। जिस पर गाड़ी पर लाल-नीली प्रतिबंधित एलईडी लाईट लगाने व गाड़ी पर आगे-पीछे लाल रेडियम से स्टेट मोटर विभाग, राजस्थान सरकार लिखा हुआ होने के संबंध में पूछने पर अपने जेब में से एक परिचय पत्र निकालकर बताया कि मैं राजस्थान सरकार के शासन सचिवालय जयपुर में राजस्थान प्रशासनिक सेवा का अधिकारी हूं। मगर उसकी गाड़ी अजमेर नंबर की है जबकि मोटर वाहन विभाग की ज्यादातर गाड़ियां जयपुर नंबर की ही है। ऐसे में उस पर शक हुआ और एसपी सुधीर चौधरी ने उसे पकड़ लिया। वीआईपी ट्रीटमेंट लेने के लिए हरजीत बना फर्जी आरएएस ऑफिसर मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में अब तक हरजीत सिंह द्वारा वीआईपी ट्रिटमैंट लेने के लिए फर्जी आरएएस अधिकारी बनकर घूमने की बात सामने आई है। इसमें बताया जा रहा है कि वो वीआईपी ट्रिटमैंट लेने, अपने साथ के लोगों पर अपना रोब जमाने व पुलिस कर्मियों पर धोंस जमाने के लिए लाल बत्ती लगी गाड़ी और फर्जी आरएएस अधिकारी का आईडी कार्ड बनाकर घूमता था। लेकिन जैसलमेर में वो ऐसा करता पकड़ा गया। यहां भी वो पुलिस वालों पर एक आरएएस अधिकारी बनकर सोनार किले में अपनी गाड़ी लेकर जाना चाहता था। मगर अचानक वहां एसपी सुधीर चौधरी पहुंच गए और हरजीत उनकी नजरों से अपनी असलियत छिपा नहीं पाया। जैसलमेर में एसपी ने पकड़ा फर्जी RAS अधिकारी:पुलिस पर धौंस जमाते किया गिरफ्तार, लाल बत्ती लगी गाड़ी भी जब्त


