रायसेन जिले में सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चांदौड़ा में एक अवैध शराब पकड़ी गई है। शुक्रवार को आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें भारी मात्रा में नकली शराब और उसे बनाने का सामान जब्त किया गया। इसी स्थान से वन्यप्राणी का मांस भी बरामद हुआ है। जिला आबकारी सहायक आयुक्त दीपक अवस्थी के नेतृत्व में रायसेन, विदिशा और भोपाल के आबकारी विभाग के 80 अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सुल्तानगंज थाना प्रभारी श्यामराज सिंह के पुलिस बल ने मुखबिर की सूचना पर यह संयुक्त छापा मारा। टीम ने ग्राम चांदौड़ा स्थित राजघराना परिवार के मुन्ना राजा के निवास को घेरकर तलाशी ली, जहां अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ झूमाझटकी भी की। 700 पेटी शराब जब्त
मौके से 700 पेटी अवैध शराब, 200 लीटर स्प्रिट और 50-50 लीटर के चार ड्रम में रखी 400 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, 50-50 लीटर के 80 खाली ड्रम, लेबल छपाई वाले गत्ते, 500 एमएल नकली कैरेमल कलर, दो पिकअप भरकर खाली वारदाना, सोम डिसलरी का पॉवर ब्रांड और शराब बनाने की अन्य सामग्री भारी मात्रा में मिली। यह फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक चली इस कार्रवाई में विवाद पैदा कर अड़चन डालने वाले चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे अवैध शराब फैक्ट्री के संचालक और उसके सहयोगियों के नाम-पते की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। कटा हुआ वन्यप्राणी मांस भी जब्त
एक अन्य छापामारी कार्रवाई में, वन विभाग की टीम ने रेंजर अरविंद अहिरवार के नेतृत्व में मुन्ना राजा के घर की तलाशी ली। इस दौरान दो बर्तनों में रखा हुआ 4 किलोग्राम वन्यप्राणी का कटा हुआ मांस भी जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार, मांस के नमूने वन्यप्राणी लैब जबलपुर भेजे जा रहे हैं। जब तक की गई नकली शराब की कीमत 25 लाख 96 हजार रुपए बताई जा रही है।


