जनजातीय जिला किन्नौर में उद्यान विभाग जिला के बागवानों को 26 वैराइटी के उच्च गुणवत्ता वाले सेब पौधे उचित दाम पर उपलब्ध करवाएगा। ये सारे पौधे विभाग ने अपने नर्सरी में तैयार किए हैं। इस बार विभाग 40 हज़ार सेब के पौधे सहित अन्य फलदार पौधे भी बागवानों को वितरित करेगी। विभाग के उप निदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विभाग ने जिला ही में विभाग के अपने नर्सरी में 26 किस्मों की नर्सरी तैयार की है। साथ ही इस वर्ष अमेरिका से आयात उच्च गुणवत्ता वाले नए बादाम, पलम और अखरोट आदि कई फलदार पौधे भी बागवानों को दिया जाएगा। नेगी ने कहा कि बागवान निजी नर्सरी से पौधा लेने से पूर्व यह सुनिश्चित कर ले कि नर्सरी विभाग से पंजीकृत है। उन्होंने कहा कि जिला में 15 नर्सरी ही विभाग से पंजीकृत है। पूरी जांच पड़ताल के बाद ही पौधा खरीदे, ताकि बाद में पछताना न पड़े।


