विधायक बोले-पूर्व मंत्री का चश्मा मोटा, उन्हें विकास नहीं दिखेगा:वे उनके सीएम की इतनी चहेती थी कि बस का कंडक्टर बना दिया था

दौसा जिले के सिकराय उपखण्ड क्षेत्र में मानपुर चौराहे के पास आयुष्मान आरोग्य केन्द्र शहरी क्लिनिक का उद्घाटन मंगलवार को विधायक विक्रम बंशीवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री ममता भूपेश पर निशाना साधते हुए कहा कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सुन रहा था, जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री कह रही थी कि सिकराय में विकास नहीं हो रहा। ऐसे में बता हूं कि उनको विकास इसलिए नहीं दिख रहा कि उनका चश्मा बहुत मोटा है। जबकि बजट घोषणा का एक साल पूरा होने से पहले ही आयुष्मान आरोग्य केंद्र का संचालन शुरू हो गया, लेकिन उनको यह दिखाई नहीं दे रहा। बंशीवाल ने कहा- उनको मेरी बहुत परवाह है, इसके लिए बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं। वे बोलती हैं कि बेचारे विधायक की सीएम नहीं सुन रहे, लेकिन आज मैं सबको बता देना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री मेरी सुनते हैं और चाहते भी हैं। लेकिन उनके मुख्यमंत्री उन्हें बहुत ज्यादा चाहते थे, इसीलिए उनको एक बस का कंडक्टर भी बना दिया था। आरोप लगाने को कोई मुद्दा नहीं मिल रहा तो कह रहे हैं विकास नहीं दिख रहा। बोले- कई सड़कों का तो दो-दो बार शिलान्यास किया विधायक ने कहा- हम चुनाव प्रचार में गए तो पता चला कि पूर्व मंत्री ने तो एक ही सड़क का दो बार शिलान्यास कर दिया। वे संसदीय सचिव और कैबिनेट मंत्री रह चुकी लेकिन सड़क बनी ही नहीं। फिर कहते फिर रहे हैं कि विकास नहीं हो रहा, क्योंकि उनको विकास दिखेगा भी नहीं। पिछली सरकार के कार्यकाल में बढ़-चढ़कर घोषणाएं कर वाहवाही लूटने के लिए पत्थर लगाए गए। चुनाव जीतने के बाद जब हमने योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तो पता चला कि अनेकों कार्यों की तो स्वीकृति ही जारी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के पहले ही साल में सिकराय क्षेत्र में अनेकों कार्य स्वीकृत हुए हैं और हम जिन कार्यों का शिलान्यास करते हैं, उनका उद्घाटन भी हम ही करते है। इससे पहले विधायक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहरी क्लिनिक का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भोलाराम गुर्जर, विधानसभा संयोजक रामावतार कसाना, पांचोली सरपंच गुलाब सिंह बैरवा, पूर्व जिला महामंत्री रामविलास मरियाडा, पूर्व सरपंच श्रीफूल मीणा, सुधीर पांचोली समेत भाजपा कार्यकर्ता व अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *