अमरकंटक में कांग्रेस की मंडलम एवं ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक आयोजित
संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा
अमरकंटक। पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित रेवा पारिवारिक धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी की मंडलम एवं ब्लॉक अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। सभी प्रकोष्ठों के बीच एकजुटता और समन्वय को प्राथमिकता दी गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को केवल चुनावी वादों से बहलाया है लेकिन उनके कार्यों और वादों में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि देश का शिक्षित वर्ग बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है और किसान भी संकट में हैं। उन्होंने संसद में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर दिए बयान पर माफी और इस्तीफे की मांग की। विधायक ने घोषणा की कि जल्द ही अपने विधानसभा क्षेत्र में संविधान बचाओ यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनता को संविधान और इसके महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने संगठन के ढांचे को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस के सक्रिय सदस्यों को नियुक्त करने की योजना की भी जानकारी दी। बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने के लिए एकजुटता और मेहनत का संकल्प लिया। बैठक को नरेंद्र सोनी, रज्जू सिंह नेताम, धनंजय तिवारी, संतोष पाण्डेय, ओमकार सिंह, सावित्री सिंह, संतलाल ने संबोधित किया एवं बैठक का संचालन और आभार मंडलम अध्यक्ष श्यामलाल सेन द्वारा किया गया। बैठक में विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, सावित्री सिंह,प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी सहप्रभारी जिला अनूपपुर, ओमकार सिंह, किसान कांग्रेस कमेटी, संतोष पाण्डेय जिला कार्यवाहक, पार्वती सिंह नगर अध्यक्ष, रज्जू सिंह नेताम उपाध्यक्ष, नरेंद्र सोनी, एहसान अली अंसारी, संतोष राठौर कांग्रेस सेवादल, श्यामलाल सेन मंडलम अध्यक्ष, धनंजय तिवारी वरिष्ठ नेता कांग्रेस, जोहन चंद्रवंशी, देवानंद खत्री, शक्ति पाण्डेय, विमला दुबे, उषा सिंह, देवेंद्र जैन, हरि सिंह, सोमू दुबे, शिवकुमार चंद्रवंशी तोमर सिंह, रमेश सिंह सहित कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठ के पदाधिकारीगण कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।


