संगरूर में आज पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने कर्मचारी को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। घटना ब्लॉक मूनक स्थित ब्लॉक विकास एवं पंचायत ऑफिस की है। यहां तैनात पंचायत सचिव पृथ्वी सिंह ने रिश्वत मांगी थी। इस मामले में क्षेत्रीय उपनिदेशक, स्थानीय निधि लेखा परीक्षा, पटियाला के ऑफिस में तैनात ऑडिट इंस्पेक्टर दविंदर बांसल को भी नामजद किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि आरोपी को गांव महां सिंह वाला, मूनक निवासी गुरविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है, जो कि पूर्व सरपंच का पति है। शिकायतकर्ता ने संपर्क कर आरोप लगाया था कि पंचायत सचिव ने गांव महां सिंह वाला की पंचायत द्वारा पिछले कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का ऑडिट कराने के बदले 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी और कहा था कि यह रिश्वत ऑडिट इंस्पेक्टर दविंदर बांसल के साथ बांटी जानी है। प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया, जिसमें आरोपी पंचायत सचिव को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पंचायत सचिव पृथ्वी सिंह और ऑडिट इंस्पेक्टर दविंदर बांसल के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।


