पंजाब के फरीदकोट जिले के थाना बाजाखाना के केस में नामजद लवदीप नामक युवक की साथी युवती ने फरीदकोट पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके संबंध में उसने अपने वकील के माध्यम से डीजीपी पंजाब, सेशन जज फरीदकोट और अन्य उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। सीआईए स्टाफ ने की मारपीट युवती के अनुसार पुलिस ने उसे 2 जनवरी को उसके दोस्त लवदीप और एक युवक के साथ जीरा के रेस्टोरेंट से हिरासत में लिया था और सीआईए स्टाफ ने लाकर उससे मारपीट की गई। इसके बाद उसे अगले दिन शाम को छोड़ा गया, लेकिन अभी उसके दोस्त लवदीप को ना तो छोड़ा गया और ना ही उससे मुलाकात करवाई जा रही। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस लवदीप के साथ कुछ भी अनहोनी कर सकती है। ऐसे में लवदीप के बारे में जानकारी दी जाए या उससे मुलाकात करवाई जाए। बाजाखाना थाने के केस में युवक गिरफ्तार : एसपी इस संबंध में एसपी जसमीत सिंह ने कहा कि लवदीप का नाम बाजाखाना थाने में दर्ज एक मामले में है, जिसे बुधवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने युवती के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि उनके द्वारा झूठी कहानी बनाकर पेश की जा रही है, जिसमें कोई सच्चाई नहीं है।


