10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर करने के लिए रीवा और मऊगंज जिले में ऑपरेशन निखार चलाया जा रहा है। इसके तहत माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला की गई।
कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा- रीवा जिले में जब माड़ौ स्कूल में परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत हो सकता है तो अन्य स्कूलों में क्यों नहीं। सभी प्राचार्य विद्यार्थियों को सही रणनीति बनाकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराएं। विद्यार्थियों की कमजोरी को दूर करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाएं। कमिश्नर ने कहा- तीन साल के प्रश्नपत्रों को हल कराएं कमिश्नर ने कहा- स्कूल में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और नियमित कक्षाओं का संचालन होगा तो परिणाम बेहतर आएंगे। विद्यार्थियों को तीन वर्ष के प्रश्नपत्रों और बोर्ड से प्राप्त मॉडल प्रश्नपत्र का लगातार अभ्यास कराएं। स्कूल में ज्ञान दान देने के साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य रोचक कार्यक्रम कर इसका वातावरण ऐसा बनाएं कि हर विद्यार्थी स्कूल जाने के लिए लालायित रहे। कलेक्टर बोले- अच्छे परिणाम देने वाले प्राचार्य सम्मानित होंगे कार्यशाला में मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने कहा- जिन स्कूलों के परिणाम संतोषजनक नहीं हैं, उनके प्राचार्य कमियों का मंथन करें। बोर्ड परीक्षाओं के लिए अधिक समय नहीं बचा है। अच्छे परिणाम देने वाले प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूल के जो अच्छे विद्यार्थी हैं, उन्हें प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए प्रेरित करें। अगले शिक्षा सत्र के शुरू होते ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के प्रयास शुरू कर दें। शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक केपी तिवारी ने ऑपरेशन निखार की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्मार्ट कक्षाओं में शिक्षकों के लगातार लेक्चर विद्यार्थियों को सुनाए जाते हैं। मॉडल प्रश्नपत्र तथा टिप्स एंड ट्रिक्स का भी लगातार अभ्यास कराया जा रहा है। आठवीं के बाद करें करियर की प्लानिंग कार्यशाला में माखनलाल चतर्वेदी विश्वविद्यालय के संचालक डॉ. संदीप भट्ट ने करियर मार्गदर्शन के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी के करियर की प्लानिंग कक्षा 8वीं के बाद करनी चाहिए। उसी के अनुरूप उसे विषयों का चयन करना चाहिए। 300 प्राचार्य और अधिकारी शामिल हुए कार्यशाला में रीवा और मऊगंज जिले में 10वीं और 12वीं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले स्कूलों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यशाला में सीएम राइज पीके स्कूल रीवा के प्राचार्य वरुणेन्द्र सिंह ने बोर्ड परीक्षा परिणामों का विकास खंडवार विश्लेषण प्रस्तुत किया। कार्यशाला में जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता तथा 300 प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए।


