उज्जैन में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी की कार्रवाई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन क्रिकेट और टेनिस सट्टेबाजी के मामले में इंदौर, उज्जैन और लुधियाना में दबिश देकर सर्च ऑपरेशन जारी है। इस मामले में इंदौर के कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री के यहां भी जांच की गई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), इंदौर ने अवैध क्रिकेट और टेनिस सट्टेबाजी के मामले में बुधवार को लॉकर की तलाशी ली गई। आरोपी संजय अग्रवाल के लॉकर से 3.5 किलोग्राम सोने की सिल्लियां और 750 ग्राम के आभूषण मिले हैं। इसके अलावा अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। जब्त की गई सामग्री की कीमत 3.36 करोड़ रुपए बताई जा रही है। ईडी ने अवैध क्रिकेट/टेनिस सट्टेबाजी के संबंध में उज्जैन पुलिस की FIR के आधार पर जांच शुरू की है। ईडी ने 12 दिसंबर को कार्रवाई की थी। जांच से पता चला कि पीयूष चोपड़ा नाम के एक व्यक्ति ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके सिम कार्ड खरीदे थे। जिसका उपयोग करके बड़े पैमाने पर अवैध क्रिकेट सट्टेबाजी ऑपरेशन चलाकर अपराध की आय (पीओसी) अर्जित की। पीयूष चोपड़ा ने पूछताछ के दौरान इंदौर के कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री से भी कनेक्शन बताया था। इसके बाद ईडी ने गोलू अग्निहोत्री के घर पर भी छापामार कार्रवाई की थी। जांच एजेंसियों ने कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री के घर से दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं। इससे पहले, ईडी ने मामले के संबंध में पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत 12 दिसंबर को इंदौर, उज्जैन और लुधियाना में 5 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था। पहले की कार्रवाई में ईडी ने 31 लाख रुपए जब्त किए थे। साथ ही 8 करोड़ रुपए निवेश की राशि को फ्रीज किया था। ऐसे सामने आया था पूरा मामला दरअसल, 14 जून 2024 को उज्जैन पुलिस ने क्रिकेट सट्टा खेलते नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में 14.58 करोड़ रुपए नकद, 41 मोबाइल, 19 लैपटॉप, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए गए थे। इसमें मुख्य आरोपी पीयूष चोपड़ा था, जिसके पास से 500 रुपए के नोटों की 3000 गड्डियां, 7 किलो चांदी, और 7 देशों की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई थी। पुलिस रातभर नोट गिनती रही। नोट गिनने के लिए मशीनें लगानी पड़ी थी। कमलनाथ के खास समर्थक माने जाते हैं गोलू अग्निहोत्री विशाल (गोलू) अग्निहोत्री को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का खास समर्थक बताया जाता है। वे वर्तमान में इंदौर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। उन्होंने 2013 और 2018 में इंदौर-4 विधानसभा सीट से कांग्रेस से टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन दोनों बार टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। ये खबरें भी पढ़ें – ED की कार्रवाई में 8 करोड़ रुपए फ्रीज करीब 6 माह पहले उज्जैन पुलिस ने एक घर में छापा मारकर सटोरियों से 15 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि जब्त की थी। इस कार्रवाई में मिली राशि को लेकर उज्जैन पुलिस ने ED को भी जांच में शामिल किया था। शनिवार को ED ने पंजाब सहित कुछ अन्य शहरों में जांच की। जांच में मिले 8 करोड़ रुपए को ED की टीम ने फ्रीज किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें आष्टा के गुल्लक वाले कारोबारी का सुसाइड सीहोर के आष्टा में कारोबारी मनोज परमार और उनकी पत्नी नेहा का शव शुक्रवार सुबह घर में फंदे पर लटका मिला। घटनास्थल पर 5 पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। 7 पाॅइंट के सुसाइड नोट में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अफसरों पर दबाव बनाकर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


