इंस्टाग्राम पर एक छात्रा से दोस्ती कर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। एक युवक ने खुद को इंजीनियरिंग छात्र बताकर छात्रा से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। फिर उसे झूठी बातों में उलझाए रहा। जबकि वह इंजीनियरिंग छात्र होकर अपराधी है। दो बार जेल जा चुका है। छात्रा को जब यह बात पता चली तो उसने दूरी बना ली। इसके बाद युवक ने सोशन मीडिया प्लेटफार्म पर अश्लील फोटो डालनी शुरू कर दी। उसे धमकी देने लगा। छात्रा की मां ने सिविल लाइंस थाने में शीबू नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सिविल लाइंस की रहने वाली छात्रा की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी काफी दिनों से परेशान है। वह घर में डरी सहमी रहती है। कुछ दिन पहले उसने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। बहुत पूछने पर पता चला कि उसे एक युवक लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। वह धमकी दे रहा है। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की बात कह रहा है। छात्रा की मां का कहना है कि उनकी बेटी जब कक्षा नौ में पढ़ती थी तभी से इंस्टाग्राम के माध्यम से शीबू खान नाम के लड़के दोस्ती की। युवक ने बताया कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
पहले चैट के माध्यम से बात होती थी फिर मोबाइल से भी बातचीत होने लगी। लंबे वक्त तक बातचीत के बाद लड़की को पता चला कि वह अपराधी है। छात्रा ने उससे पीछा छुड़ाना चाहा और उसका मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया। इसके बाद युवक ब्लैमेलिंग पर उतर आया। धमकी दे रहा कि चैटिंग और फोटो वायरल कर देगा। छात्रा की मां का कहना है कि छात्रा की शादी एक जगह तय की जा रही थी तो उस युवक ने उस परिवार को भी गलत फोटो भेज दी। सिविल लाइंस पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।


