मुरादाबाद में बुधवार को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला 11 साल का एक बच्चा गायब है। देर शाम तक भी बच्चा लौटकर घर नहीं आया तो परिजन ट्यूशन टीचर के पास पहुंचे। टीचर ने घर वालों को बताया कि बच्चा तो ट्यूशन पढ़ने आया ही नहीं। इसके बाद घबराए पुलिस वाले दौड़कर पुलिस के पास पहुंचे। बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मझोला पुलिस की 5 टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं। पूरे इलाके के CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है। मामला मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में गणेशनगर कुंदनपुर का है। यहां रहने वाले नपेंद्र कुमार एक फैक्ट्री में काम करते हैं। नपेंद्र ने दैनिक भास्कर को बताया कि उनका 11 साल का बेटा नक्श कुमार उर्फ सोना लाइनपार के नेहरू पब्लिक स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है। वह स्कूल के बाद रोजाना लाइनपार रामलीला मैदान के पास एक टीचर से ट्यूशन पढ़ने जाता है। रामलीला मैदान के सामने फूलवती कॉलेज के नजदीक ही ट्यूशन टीचर का घर है। नपेंद्र ने बताया कि रोजाना की तरह बुधवार को भी दोपहर करीब 3 बजे नक्श ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था। रोजाना वह शाम को साढ़े चार बजे तक घर आ जाता था। लेकिन आज शाम को 6 बजे तक भी घर नहीं आया। इसके बाद परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने ट्यूशन टीचर के घर जाकर पूछा तो टीचर ने कहा कि नक्श आज ट्यूशन पढ़ने आया ही नहीं था। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। उसे इधर उधर खोजा गया। इसके बाद भी बच्चे का पता नहीं चला तो घर वाले पुलिस के पास पहुंचे। सूचना मिलते ही तुरंत हरकत में आए इंस्पेक्टर मझोला मोहित चौधरी ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने पूरे इलाके की सीसीटीवी को फिल्टर करने के लिए पुलिस की 5 टीमों को लगाया है। देर रात तक पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ ही रेलवे स्टेशन, रोडवेज और दूसरे इलाकों में भी बच्चे की तलाश में जुटी हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई को लेकर मां ने नक्श को डांट दिया था। इसी बात को लेकर बच्चा नाराज था। गुस्से में ही वह घर से निकला था।


