सड़क हादसे में सकरौली स्कूल के प्रधानाध्यापक की मौत:गुमला में बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, उग्र हुए ग्रामीण, बोलेरो फूंकी

गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर जुरा के पास बीती रात हुए सड़क हादसे में भरनो प्रखंड के सकरौली स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रेम कुजूर की मौत हो गई। शिक्षक बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम कुजूर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश शुरू कर दी। हादसे के बाद उमड़ा आक्रोश, बोलेरो में लगाई आग दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। शिक्षक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने रांची-गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि बोलेरो में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मृत शिक्षक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। फरार चालक की तलाश, जांच में जुटी पुलिस पुलिस के अनुसार, बोलेरो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि भरनो थाना क्षेत्र में दो दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले सूपा निवासी सिंदूरियां बीवी की हाईवे की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जबकि उनके पति और बच्चे घायल हो गए थे। उस घटना के बाद भी ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *