सतना में मिलावटखोरी पर नकेल कसने के मकसद से खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी है। फूड सेफ्टी ऑफिसर ने शुक्रवार शाम क राजेन्द्रनगर स्थित एमवे के आउटलेट्स पर फूड सप्लीमेंट्स न्यूट्रलाइट पाउडर और न्यूट्रलाइट कैंडी के नमूने लिए। इसके अलावा टीम ने सिविल लाइन चौराहा स्थित परिहार केक के यहां से चॉकलेट केक, पाइनएप्पल केक और बटर स्कॉच केक के सैम्पल भी लिए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। तीन सदस्यीय टीम शीतल सिंह, सीमा सिंह और अशोक कुर्मी ने सिटी कोतवाली के पीछे स्थित दूध मंडी और कोठी तिराहे में औचक छापेमारी की। दूध विक्रेता आकाश कुमार गौतम, पप्पू पाल और लवकुश पाल के डिब्बों से दूध के नमूने लिए गए। इस दौरान अन्य दूध विक्रेता भाग गए, कई ने अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर ही मौके से गायब हो गए। मोमोज शॉप में मिली गंदगी, नोटीस जारी फूड सेफ्टी ऑफिसरों ने पन्ना रोड स्थित पॉपुलर मोमोज शॉप की जांच की। यहां मीट को खुले में बिना टेंपरेचर नियंत्रण के रखा पाया गया, जिससे हाई रिस्क बढ़ता है। किचन में भारी गंदगी पाई गई। प्रतिष्ठान से पनीर और कढ़ाई में रखे खाद्य तेल के भी नमूने लिए गए। अनियमितताएं पाए जाने पर संचालक को शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा। सीएमएचओ बोले- मिलावटखोरों से सख्ती से निपटना है सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मिलावट की निरंतर जांच जारी रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मिलावटखोरों से सख्ती के साथ निपटना है। उन्होंने कहा कि लोगों को ईट राइट का हक है। अगर कहीं मिलावट की आशंका होती है तो आमजन को भी इसकी शिकायत करनी चाहिए।


