सतना जिले के मझगवां विकासखंड में एक शिक्षक का स्कूल के समय पर शराब दुकान में खरीदारी करने का वीडियो वायरल होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। चुवा प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक शारदा प्रसाद वर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित एक शराब दुकान से शराब खरीदते और उसे अपनी गाड़ी में रखते दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीईओ (BEO) रामविश्वास साकेत ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और फोटो ने शिक्षक की पोल खोल दी। जानकारी के मुताबिक, घटना 11 दिसंबर 2025 को दोपहर 3:13 बजे की है। वीडियो में शिक्षक शारदा प्रसाद वर्मा पिंड्रा डिढोला (उत्तर प्रदेश) स्थित एक शराब दुकान पर नजर आ रहे हैं। वे वहां न केवल शराब खरीदते दिखे, बल्कि अपनी गाड़ी में शराब की पूरी पेटी रखते हुए भी कैमरे में कैद हो गए। आरोप है कि शिक्षक ने स्कूल से कोई अवकाश नहीं लिया था और वे ऑन-ड्यूटी स्कूल से गायब होकर शराब खरीदने पहुंचे थे। बीईओ ने बनाई 3 सदस्यों की जांच टीम
वीडियो वायरल होने के बाद बीईओ रामविश्वास साकेत ने शुक्रवार को तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। इसके लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें शामिल हैं: स्कूल पहुंचकर दर्ज किए बयान, 2 दिन में मांगी रिपोर्ट
जांच टीम ने शुक्रवार को ही चुवा प्राथमिक शाला पहुंचकर शिक्षक शारदा प्रसाद वर्मा, विद्यालय के छात्रों और अभिभावकों के बयान दर्ज किए हैं। टीम को यह पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षक स्कूल के समय अनुपस्थित क्यों थे और वायरल वीडियो की तथ्यात्मक सच्चाई क्या है। बीईओ ने टीम को दो दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम दिया है। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि रिपोर्ट आते ही दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


