छतरपुर जिले में खाद संकट और ऊंचे दामों पर अवैध बिक्री की शिकायतों के बीच प्रशासन ने शुक्रवार देर शाम सटई रोड पर कार्रवाई की। सिविल लाइन पुलिस, तहसीलदार पीयूष दीक्षित और कृषि विभाग की टीम ने नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के गोदाम से 200 बोरी यूरिया खाद जब्त की। यह कार्रवाई राधे चाट भंडार के पास स्थित गोदाम में हुई, जब एक पिकअप वाहन में यूरिया खाद लोड की जा रही थी। अधिकारियों ने वाहन से 100 बोरी खाद बरामद की, जबकि गोदाम से कुल 200 बोरी यूरिया का स्टॉक जब्त किया गया। व्यापारी ने सरकारी नियमों का किया उल्लंघन तहसीलदार पीयूष दीक्षित ने बताया कि तिवारी इंटरप्राइजेज के पास खाद बिक्री का लाइसेंस और रेक आवंटन था, लेकिन उसने निर्धारित स्टॉक रोकने के नियमों का उल्लंघन किया। व्यापारी इस खाद को खुले बाजार में 500 से 600 रुपए प्रति बोरी बेच रहे थे, जबकि सरकारी दर 266 रुपए प्रति बोरी है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई खाद को शनिवार सुबह मंडी में 100 किसानों को उचित दर पर वितरित किया जाएगा। प्रत्येक किसान को दो-दो बोरी खाद दी जाएगी। किसानों में लंबे समय से नाराजगी जिले में खाद की कमी से किसान लंबे समय से परेशान हैं। पिछले एक महीने में किसानों ने कई बार नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया है। शुक्रवार शाम को भी मंडी में खाद न मिलने पर किसानों ने सिटी रोड पर जाम लगाया था, जिसे प्रशासन ने समझा-बुझाकर हटवाया। खाद वितरण व्यवस्था पर पहले भी उठ चुके सवाल उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले नए तहसीलदार द्वारा खाद लेने पहुंची एक छात्रा से मारपीट का मामला भी सुर्खियों में रहा था। यह जिले में खाद वितरण व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं को दर्शाता है।


