राजगढ़ जिले के माचलपुर नगर के प्रज्ञा पब्लिक स्कूल में परीक्षा देने आई 5वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस ने स्कूल के चपरासी पर केस दर्ज किया था, जिसके बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करते हुए स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ भी पॉस्को एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने बुधवार को छेड़छाड़ के आरोपी चपरासी को भी जेल भेज दिया है। घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिये पुलिस ने सभी स्कूलों के कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के लिये पत्र भी जारी किए हैं। चॉकलेट का लालच देकर चपरासी ने की छेड़छाड़ सोमवार को प्रज्ञा पब्लिक स्कूल माचलपुर मे 5वीं की छात्रा सुबह परीक्षा देने स्कूल गई थी। तब आरोपी चपरासी छात्रा को स्कूल के गेट पर मिला और उसने छात्रा से बोला, कि प्रिंसिपल मैडम तुम्हें तीसरे फ्लोर पर बुला रही हैं। बालिका जब तीसरे फ्लोर पर पहुंची, तो वह अकेली थी, तो पीछे से आरोपी चपरासी रामा बैरागी आया और बालिका के साथ छेड़छाड़ की थी। घटना के दूसरे दिन पीड़ित छात्रा अपने परिजनों के साथ माचलपुर थाने पहुंची थी और शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी रामा बैरागी के विरूद्ध अपराध क्र. 10/2025, धारा 74,75 बीएनएस ,7/8 पॉक्सो एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया था। स्कूल प्रिंसिपल को बनाया आरोपी
छात्रा से छेड़छाड़ की घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रिंसिपल ने चपरासी रामा बैरागी को स्कूल से निकाल दिया था। वहीं पीड़ित छात्रा के परिजन भी स्कूल पहुंचे थे। परिजनों की मांग पर स्कूल प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी फुटेज के डीवीआर भी परिजनों को सौंप दिये थे। इसके बाद घटना के अगले दिन पीड़ित छात्रा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी चपरासी पर मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद पुलिस विवेचना में घटना में प्रज्ञा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल माचलपुर की प्रिंसिपल प्रमिला शर्मा द्वारा अपने कर्मचारी राम उर्फ रामप्रसाद बैरागी के आपराधिक कृत्य की सूचना विशेष किशोर पुलिस इकाई व थाना माचलपुर पुलिस को नहीं दी गई थी। इसलिये प्रिंसिपल प्रमिला शर्मा के विरूद्ध भी पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत सुप्रीम कोर्ट की गाईड लाईन के अनुसार कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज किया है और स्कूल प्रिंसिपल से नोटिस तामील कराया है। स्कूलों के कर्मचारियों का होगा पुलिस वेरिफिकिशन
थाना प्रभारी TI जितेंद्र सिंह मावाई ने जानकारी दी, कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ने हो इसके लिये हमने सभी स्कूलों को पत्र जारी किये हैं, कि वे अपने यहाँ काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें और अपराधी किस्म के लोगों को स्कूलों में काम पर ना रखे। इसके साथ ही पुलिस लैंगिक अपराधों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक भी करेगी। ये खबर पढ़े- निजी स्कूल में 5वीं की स्टूडेंट से छेड़छाड़:राजगढ़ में चपरासी ने कहा-प्रिंसिपल मैडम बुला रही; छूटकर रोते हुए केबिन की ओर भागी


