भास्कर न्यूज। महासमुंद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के महासमुंद प्रवास के दौरान तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने तुमगांव नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र प्रेषित करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंनें मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में वर्णन किया है कि 17 वर्ष पूर्व डॉ. रमन सिंह पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में तुमगांव को नगर पंचायत बनाया गया था। नपं का दर्जा मिलने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं का यहां अभाव है। वर्षों से कुछ प्रमुख मागें स्थानीय नागरिक शासन से करते आ रहे हैं, जो पूरा नहीं हो पाने से नगर वासी अपने को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रमुख मांगों में हाइवे-टू-हाइवे 3 किलोमीटर पुराने जर्जर मार्ग को गौरव पथ निर्माण अनुमानित लागत 22 करोड़ रूपए, तुमगांव बिरकोनी का आैद्योगिकीकरण तेजी हो रहा है, अत: आईटीआई की स्थापना तत्काल किए जाने, आैद्योगिक प्रदूषण को देखते हुए 100 बिस्तर सिटी हॉस्पिटल बनाने, 100 वर्ष पुराना जर्जर रेस्ट हाउस को डिस्मेंटल कर पुन: निर्माण करने आैर रेस्ट हाउस से लगे 1 एकड़ भूमि पर गार्डन निर्माण शामिल है। श्री चंद्राकर के निवेदन को सुन मुख्यमंत्री श्री साय ने शीघ्र मांगों पर विचार करने आश्वस्त किया। महासमुंद। मुख्यमंत्री को मांंग पत्र सौंपते नगर पंचायत अध्यक्ष।


