बारां कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक पर चाकू से हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह मामला 8 दिसंबर को सामने आया, जब मंडोला वार्ड निवासी नवीन यादव ने शिकायत दर्ज कराई। नवीन ने बताया कि 7 दिसंबर की रात उनके घर के सामने शिवजी मंदिर परिसर में एक कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 11 बजे खाने के दौरान उनकी अजय यादव से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। नवीन के अनुसार, खाना खाने के बाद जब वह घर जा रहे थे, तब अजय यादव ने उन्हें घर के अंदर जाते समय पकड़ लिया। अजय ने नवीन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना स्तर पर एक टीम का गठन किया गया, जिसने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी अजय यादव से गहनता से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में सीआई योगेश चौहान, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, पवन कुमार, अमरचंद और जुगल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


