रायपुर को मिलेगा नया गौरव पथ:15 करोड़ का होगा प्रोजेक्ट, बूढ़ापारा से पचपेड़ी नाका तक बनेगा गौरव पथ

राजधानी रायपुर में सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था को नए सिरे से संवारने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम जल्द ही ‘गौरव पथ-2’ का निर्माण शुरू करेगा। इस प्रोजेक्ट का टेंडर फाइनल हो चुका है और काम जल्द जमीन पर उतरने वाला है। यह नया मार्ग बूढ़ापारा के बिजली कार्यालय से पचपेड़ी नाका तक बनेगा। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक इस सड़क की कुल लंबाई करीब 2.2 किलोमीटर होगी और इसे 24 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा, ताकि बढ़ते ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाला जा सके और शहर की सूरत भी बदले। योजना बनाते समय स्ट्रीट वेंडर्स और आम लोगों के हितों को ध्यान में रखा गया है। चार्जिंग पॉइंट और पार्किंग की भी होगी सुविधा गौरव पथ-2 को आधुनिक शहरी सड़क के तौर पर विकसित किया जाएगा। सड़क के बीच हरियाली से सजा डिवाइडर रहेगा और पैदल चलने वालों के लिए चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे। पूरी सड़क के साथ कवर्ड ड्रेनेज सिस्टम रहेगा, ताकि जलभराव की समस्या न हो। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बसों की अलग लेन होगी। इसके साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए पार्किंग की सुविधा और ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट भी तैयार किए जाएंगे। स्ट्रीट वेंडर्स के लिए तय जगह भी बनाई जाएगी, जिससे उन्हें व्यवस्थित तरीके से काम करने का मौका मिल सके। स्थानीय लोगों ने इस प्रोजेक्ट का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही कुछ सुझाव भी रखे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ छोटे दुकानदारों और ठेले वालों की रोजी-रोटी का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। कुछ नागरिकों ने इस मार्ग पर छत्तीसगढ़ के महान व्यक्तित्वों से जुड़ी झलकियां या प्रतीक चिन्ह लगाने का सुझाव दिया है, ताकि गौरव पथ अपने नाम को और अर्थपूर्ण बना सके। महापौर मीनल चौबे ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 15 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पुलिस लाइन और बस स्टैंड की ओर जाने वाले प्रमुख चौराहों का भी कायाकल्प किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो सके। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए लगभग डेढ़ साल का समय तय किया गया है। गौरव पथ-2 न केवल रायपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि शहर को एक नई पहचान भी देगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *