विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे मतदाता सूची अपडेट कार्य को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने प्रशासनिक अफसरों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने दो टूक कहा कि अगले 7 दिनों के भीतर पूरी प्रक्रिया को हर हाल में पूरा किया जाए और कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने SIR की समय-सीमा को 7 दिन के लिए बढ़ाया है। इस अतिरिक्त समय का सही उपयोग करते हुए शेष सभी पात्र नागरिकों की प्रविष्टियां पूरी गंभीरता से पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर डॉ. सिंह ने ASD सूची पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के मामलों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सटीक सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन रह सके। कलेक्टर ने कहा कि यह कार्य बेहद संवेदनशील है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलती से भी सूची से नहीं छूटना चाहिए। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ फील्ड में काम करें और हर प्रविष्टि की ठीक से जांच करें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जिनका SIR से संबंधित काम अभी लंबित है, वे अपने क्षेत्र के BLO और संबंधित कार्यदल के साथ सहयोग करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना विवरण अपडेट कराएं। बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर सहित सभी ईआरओ, एईआरओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे। SIR की समय-सीमा 7 दिन बढ़ी, संशोधित कार्यक्रम जारी भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार SIR प्रक्रिया को 7 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। अब घर-घर मतदाता सत्यापन का कार्य 18 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन 23 दिसंबर को होगा। इसके बाद दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक तय की गई है। वहीं, सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 23 दिसंबर से 14 फरवरी 2026 तक चलेगी।


