बांसवाड़ा जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित मानगढ़ कप सीजन-3 का फाइनल मैच बुधवार को कुशलबाग मैदान पर खेला गया। फाइनल मुकाबला वागड़ क्रिकेट एकेडमी औ सनातन क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। सनातन क्रिकेट एकेडमी विजेता रही। इस कप के तीनों सीजन के तीनों मैच लगातार इसी एकेडमी ने जीतकर जीत की हैट्रिक लगाई है। टॉस जीतकर सनातन क्रिकेट एकेडमी ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वागड़ क्रिकेट एकेडमी की टीम 100 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें बेट्समैन कुणाल पाठक ने 27 और हर्षिल राव ने 20 रन बनाए। कुणाल पाठक ने कमेंट्री बॉक्स के ऊपर से गगनचुंबी सिक्स लगातार सभी को चौंका दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनातन क्रिकेट अकादमी के कमल कटारा ने 34 और सुमित पटेल की 54 रनों की जोरदार पारी ने मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच पीयूष कलाल रहे, जिन्होंने अपनी टीम के लिए 11 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटखाए। पीयूष की अच्छी बॉलिंग के कारण वागड़ क्रिकेट एकेडमी 100 रन पर ही ढेर हो गई। ये रहे टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी हर्षिल राव प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, रोहित कलाल बेस्ट बैट्समैन, मुकेश पटेल बेस्ट विकेट कीपर, सभ्य धीरावत बेस्ट गेंदबाज, नयन मईड़ा बेस्ट फिल्डर रहे। मैच देखने के लिए शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भी जोरदार उत्साह था। स्थिति तो यह थी कि मैच शुरू होने से पहले कुशलगढ़ मैदान खचाखच भर चुका था। वहीं बड़ी संख्या में लोग दूर खड़े होकर एलईडी पर मैच का लाइव प्रसारण देख रहे थे। हर चौके-छक्के पर लोगों ने खिलाड़ियों का जमकर तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष शाहिद खान पठान ने बताया कि मैदान पर दर्शकों ने मोबाइल की लाइट जलाकर भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नयन मोंगिया का स्वागत किया। मोंगिया ने पूरे ग्राउंड का चक्कर लगाते हुए सभी दर्शकों का हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया। मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव, विशिष्ट अतिथि एडीएम अभिषेक गोयल, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी मौजूद रहे। मोंगिया ने कहा- क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अलग अलग खिलाड़ी होने चाहिए मानगढ़ कप के फाइनल मैच में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने आए पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विकेट कीपर नयन मोंगिया ने क्रिकेट में युवाओं के भविष्य से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम की ऑस्ट रेलिया में हार समेत कई मुद्दों पर बेवाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने एक नई बात बताते हुए कहा कि अब वह समय आ गया है जब तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वन डे और टी-20 के प्लेयर का चयन अलग अलग किया जाएगा। प्रतिभाओं को तराशने के सवाल पर कहा कि ओपन सलेक्शन टूर्नामेंट होने चाहिए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सारे मैचे खुद देखने ग्राउंड तक जाना होगा। नहीं जाएंगे तो कई बार प्रतिभाओं को समय पर सही स्थान नहीं मिल पाता और वह पीछे छूट जाती हैं।


