नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र की नई बावल गांव की रहने वाली 25 साल की लक्ष्मी ने समाज से दूसरी शादी के तानों और दबाव से परेशान होकर जहर खा लिया। महिला ने तीन महीने पहले दूसरी शादी की थी जिसके बाद समाज ने जुर्माना लगाया और समाज से बाहर निकालने का आदेश सुनाया। इससे परेशान होकर महिला ने जहर खा लिया। समाज के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उनकी तबीयत बिगड़ने पर पति प्रवीण उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पति प्रवीण ने समाज के पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समाज के फैसले और लगातार मानसिक दबाव के कारण ही उनकी पत्नी ने यह कदम उठाया। प्रवीण ने बताया कि लक्ष्मी ने तीन महीने पहले ही उनसे दूसरी शादी की थी। इससे पहले उनकी शादी करीब सात साल पहले रामपुरा में हुई थी। राखी पर मायके आने के बाद उनके माता-पिता ने उन्हें साथ रखने से मना कर दिया था। इसके बाद लक्ष्मी ने प्रवीण से विवाह किया। 14 साल के लिए समाज से बाहर करने का फैसला सुनाया प्रवीण का आरोप है कि दूसरी शादी से नाराज समाज के लोगों ने 6 दिसंबर को पंचायत बुलाई। इस पंचायत में समाज के अध्यक्ष कारूलाल रैगर और उपाध्यक्ष मोहनलाल रैगर सहित अन्य पदाधिकारियों ने पति-पत्नी पर 9 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और 14 साल के लिए समाज से बाहर करने का फैसला सुनाया। प्रवीण का कहना है कि इस फैसले के बाद से उनकी पत्नी को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी तनाव के कारण उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि समाज के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रवीण ने यह भी बताया कि समाज में यह प्रथा कई सालों से चल रही है। पंचायत में करीब 500 लोग शामिल थे और इतना बड़ा जुर्माना भरना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने अपनी आर्थिक और मानसिक स्थिति को बहुत खराब बताया।


