डूंगरपुर में राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा 15 दिसंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव डूंगरपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सती रामपुर में होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को मेजबान स्कूल में एक बैठक हुई। इसमें एसीबीईओ विमल साद और कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाचार्या ओजस्वी परमार मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि महोत्सव के लिए सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक पंजीकरण होगा, जिसके बाद 11 बजे से कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। महोत्सव में विज्ञान व डिजिटल मेला मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें सामूहिक लोक गायन, एकल लोक गायन, लोक नृत्य और एकल लोक नृत्य शामिल हैं। लाइफ स्किल के तहत चित्रकला, कविता पाठ, कहानी लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। युवा कृति श्रेणी में हस्तकला, वस्त्र कला और कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। राजस्थान की लुप्त कलाओं को बढ़ावा देने के लिए फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, मांडणा, मांगणियार, कठपुतली, खड़ताल, मोरचंग, भपांग और लंगा जैसी कलाओं की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के लिए निर्णायक, सदस्य, पंजीकरण, प्रमाण पत्र लेखन और मीडिया सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रधानाचार्यों व शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दोपहर 3 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।


