करौली प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-3 टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 की तैयारियां राजीव गांधी खेल संकुल में जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी टूर्नामेंट के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया, जिसमें जिले और बाहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल के पहले दिन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेट्स पर बल्लेबाजों ने तेज और स्पिन गेंदबाजों का सामना किया, जबकि गेंदबाजों की गति, लाइन-लेंथ, स्विंग और निरंतरता का आकलन किया गया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की तकनीक के साथ-साथ फिटनेस, फील्डिंग और गेम सेंस पर भी विशेष ध्यान दिया। आयोजन समिति के अनुसार दो दिनों में लगभग 250 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया और ट्रायल में हिस्सा लिया। इस दौरान करौली प्रीमियर लीग की सभी फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधि मैदान पर मौजूद रहे और संभावित प्रतिभाओं को चिह्नित किया। यह करौली में युवाओं के बढ़ते क्रिकेट रुझान को दर्शाता है। करौली प्रीमियर लीग के संयोजक राजेश सारस्वत ने बताया कि जिले के युवाओं में क्रिकेट के प्रति गजब का जुनून है। ट्रायल में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं, जिनसे लीग का स्तर और अधिक ऊंचा होने की उम्मीद है। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली KPL-2025 के मुकाबले 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक राजीव गांधी खेल संकुल मैदान पर खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल पांच टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में छह बाहरी और पांच स्थानीय खिलाड़ी शामिल होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 दिसंबर को खेला जाएगा। विजेता टीम को 2 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया 14 दिसंबर को आयोजित की जाएगी, जिसमें फ्रेंचाइजी ऑनर्स खिलाड़ियों की बोली लगाएंगे। ऑक्शन को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह है। ट्रायल के दौरान विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, जिला कलेक्टर डॉ. नीलाभ सक्सेना और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल भी खेल संकुल मैदान पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मैदान व विकेट का निरीक्षण किया। एसपी लोकेश सोनवाल ने कहा कि करौली प्रीमियर लीग का सीजन-3 पहले से कहीं अधिक रोमांचक होने जा रहा है। इस मौके पर आयोजन सचिव बबलू शुक्ला, हॉकी महासंघ राजस्थान के अध्यक्ष अरुण सारस्वत, महेश पाठक, सुभाष बाबू, वीरेंद्र कुम्भज, रविंद्र सिंह गुर्जर, तेजेंद्र सिंह जादौन, ब्रह्म सिंह फौजी, अनिल गोयल, राजेन्द्र जांगिड़, दिनेश शुक्ला, केशव भारद्वाज, अनिल शर्मा, ललित हरदैनिया सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


