कोटा में अपहरण मामले में एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस को देख बदमाश छत से कूद गया। पुलिस ने घायल आरोपी को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। 8 दिन पहले हुए हर्ष नाम के युवक का अपहरण हो गया था। पुलिस मामले में आरोपी मोनू की तलाश कर रही थी। दरअसल, कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात को पुलिस की टीम मामले में आरोपी के ठिकाने पर पहुंची थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए ये खतरनाक कदम उठाया। मकान की छत से कूदा आरोपी, हुआ घायल पुलिस के मुताबिक, पुलिस को देखते ही आरोपी मोनू घबरा गया और भागने के प्रयास में मकान की छत से नीचे छलांग लगा दी। छत से कूदने के कारण आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए घायल आरोपी को एंबुलेंस के जरिए कोटा के एमबीएस अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। आपसी रंजिश के चलते पीड़ित से आरोपी ने की थी मारपीट कैथुनीपोल थानाधिकारी अमरेश सिंह ने बताया कि आरोपी मोनू ने कुछ दिनों पहले आपसी रंजिश के चलते हर्ष के घर पर मारपीट कर तोड़फोड़ की। फिर उसका अपहरण कर अपने साथ ले गया, लेकिन आगे जाकर आधे रास्ते में ही छोड़ दिया। जिसके बाद उस पर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया। अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद किया जाएगा आरोपी को गिरफ्तार उन्होंने बताया कि आरोपी मोनू अभी हॉस्पिटल में एडमिट है, डिस्चार्ज के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी की हालत में सुधार होने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपहरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


