झालावाड़ में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तीसरे दिन परिवहन विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को यह अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान शहर में एक ऑटो रिक्शा रैली निकाली गई और सड़क सुरक्षा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में एडीएम अनुराग भार्गव, एडिशनल एसपी श्योराज मल मीणा और जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन ने सड़क सुरक्षा रथ को हरी झंडी दिखाई। यह रथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा। इसके साथ ही शहर में एक विशाल ऑटो रिक्शा रैली भी निकाली गई। सड़क सुरक्षा जागरूकता संदेश वाले बैनरों से सजे इन ऑटो रिक्शा ने शहर में सुरक्षित यातायात का संदेश प्रसारित किया। अभियान के तहत परिवहन और पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टैंड और निजी बस स्टॉप पर जनसंपर्क किया। टीम ने राजस्थान रोडवेज और लोक परिवहन की बसों पर फ्लेक्स बैनर लगाए। इन बैनरों के माध्यम से यात्रियों और चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने का संदेश दिया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने वाहन चालकों को रोककर सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित पम्फलेट बांटे। उन्होंने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


