दतिया में पण्डोखर थाना अंतर्गत गांव सोहन के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ बाइक से उत्तर प्रदेश के चिरगांव स्थित निवी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से महिला बाइक से नीचे गिर गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से महिला के पति उसे इलाज के लिए भांडेर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान ग्राम सुल्तानपुर निवासी अंजू वाल्मीक (26) के रूप में हुई है। बताया गया है कि महिला के दो छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची। हालांकि, परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।


