डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की लुधियाना जोनल यूनिट ने विदेशों से सोना तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को दबोचा है। DRI को तस्करी गिरोह के खिलाफ खुफिया सूचना मिली थी जिसके बाद अफसरों ने रेड करके एक आरोपी को पकड़ा। डीआरआई ने आरोपी से थाईलैंड से तस्करी कर भारत लाया गया 24 कैरेट सोना जब्त किया है।
डीआरआई को इनपुट मिला था कि थाईलैंड से हवाई मार्ग के जरिए भारत लाया जा रहा विदेशी सोना पंजाब में खपाया जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई लुधियाना जोनल यूनिट ने डीआरआई चंडीगढ़ रीजनल यूनिट (सीआरयू) के सहयोग से एक खुफिया ऑपरेशन को अंजाम दिया। कोलकाता से ट्रेन के जरिए लुधियाना पहुंचता है सोना
डीआरआई अफसरों के मुताबिक तस्कर थाईलैंड से कोलकाता सोना लेकर आते हैं। उसके बाद वहां से ट्रेन के जरिए लुधियाना सोना पहुंचाया जाता है। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने रेड की। अफसरों के मुताबिक तस्करी में शामिल एक व्यक्ति कोलकाता से ट्रेन के जरिए अंबाला पहुंचने वाला था। डीआरआई अधिकारियों ने अंबाला जंक्शन पर निगरानी रखी और जैसे ही संदिग्ध ट्रेन से उतरा, वह लुधियाना जाने वाली बस में सवार हो गया। इसके बाद डीआरआई की टीम ने बस को रोककर संदिग्ध को चिह्नित करते हुए हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह थाईलैंड से फ्लाइट के जरिये तस्करी कर लाए गए सोने को कोलकाता के रास्ते पंजाब पहुंचाने आया था। आरोपी ने बताया कि उसे यह सोना एक संगठित तस्करी सिंडिकेट के सदस्यों के निर्देश पर सौंपा गया था, जिसे आगे पंजाब में डिलीवर किया जाना था। 24 कैरेट का 601 ग्राम सोना हुआ बरामद
डीआरआई अधिकारियों ने आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 601 ग्राम विदेशी मूल का 24 कैरेट सोना बरामद किया गया, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 80.01 लाख रुपए आंकी गई है। बरामद सोने को जब्त करते हुए आरोपी को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। इंटरनेशनल गिरोह कर रहा है काम
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, यह मामला केवल एक कैरियर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल जांच एजेंसी सोने की खरीद के स्त्रोत, हवाला व वित्तीय लेनदेन, पहले भेजी गई खेपों तथा सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी हुई है। जांच में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। डीआरआई ने स्पष्ट किया है कि तस्करी और काले धन के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। इस कार्रवाई से पंजाब में सक्रिय सोना तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।


