रीवा शहर के कई सार्वजनिक स्थल शराबियों के अड्डे बनते जा रहे हैं। ताजा मामला जय स्तंभ चौराहे का है, जहां खुलेआम शराबखोरी की शिकायतों के बाद पुलिस की दबिश से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखते ही शराबी मौके पर शराब की बोतलें छोड़कर फरार हो गए। सार्वजनिक जगहों पर बिगड़ रहा माहौल जय स्तंभ स्थित बंद पड़ी बड़ी पेट्रोल टंकी के पास रोजाना शराबियों का जमावड़ा लगने से राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के पार्क, चौराहे और खाली पड़े परिसर भी शराबखोरी के ठिकाने बनते जा रहे हैं। लगातार मिल रही थीं शिकायतें सिविल लाइन थाना पुलिस को इस स्थान से कई बार शिकायतें मिली थीं। पूर्व में समझाइश के बावजूद गतिविधियां बंद नहीं हुईं। सूचना पर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शराबियों ने पुलिस को देखते ही बोतलें छोड़कर दौड़ लगाई। मौके पर मौजूद ठेले वालों को समझाइश दी गई। पुलिस का कहना है कि ठेलों की वजह से शराबियों का जमघट लगता है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया, “शहर के कई सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब पीने की शिकायतें मिल रही हैं। जय स्तंभ पर ठेले लगे होने से लोग यहां रुककर शराब पीते हैं। ठेले वालों को समझाइश दी गई है और आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी को लेकर निगरानी बढ़ाई जाएगी। दोबारा इस तरह की गतिविधि मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


