एमपी की मोहन सरकार के दो साल पूरे:सीहोर में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने शनिवार को सीहोर में एक प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और जिले की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। मंत्री गौर ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। सीहोर जिले ने विकास की तेज रफ़्तार पकड़ी है, खासकर महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत जिले में 1 लाख 43 हजार से अधिक प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। वहीं, लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 2 लाख 42 हजार 773 बहनों को अब तक 949.52 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 28 हजार से अधिक महिलाओं को मातृत्व लाभ मिला है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सीहोर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जिले के 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1 सिविल अस्पताल और कुल 38 उप-स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक से प्रमाणित किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड वितरण में जिले ने 101.8 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की है। टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत 170 ग्राम पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने ‘स्व-नेत्र परीक्षण’ जैसी नवाचार पहल भी शुरू की है। कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में सीहोर जिले ने धान और गेहूं उपार्जन में लगभग 5.5 लाख मीट्रिक टन की खरीद कर किसानों को 1,300 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अन्न योजना से जिले के 2.31 लाख परिवारों को प्रतिमाह खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, लगभग 36 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में माइक्रो इरिगेशन के विस्तार से सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भवन निर्माण एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में जिले में 100.63 करोड़ रुपए की लागत से 37 कार्य पूर्ण किए गए हैं। ग्राम भाउखेड़ी में स्थापित आजीविका पार्क का संचालन जिले के 148 स्व-सहायता समूहों की महिलाएं कर रही हैं, जिससे उनकी आजीविका को बढ़ावा मिला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *