जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बुधवार को पुलिस आयुक्तालय परिसर से एक वाहन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 13 से 27 दिसंबर तक चलाए जा रहे दो सप्ताह के सड़क सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य यातायात पुलिस और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया, इस अभियान के तहत यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। वे शहर के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और गलियों में जाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सुगम यातायात के लिए लागू किसी भी प्रतिबंध के बारे में लोगों को समझाया जाएगा। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह जन जागरूकता वाहन रैली पुलिस कमिश्नरेट के मुख्य द्वार से शुरू होकर एम.आई. रोड, पांचबत्ती, अजमेरी गेट, रामनिवास बाग चौराहा, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया टी-पॉइंट, छोटी चौपड़, चांदपोल गेट, संजय सर्किल, संसार चंद्र रोड, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा और एमईएस तिराहा होते हुए वापस आयुक्तालय परिसर पर समाप्त हुई। रैली में यातायात पुलिस के इंटरसेप्टर वाहन, प्रियदर्शिनी वाहन, महिला हेल्पलाइन 1090 के वाहन, यातायात पुलिस की बाइक और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट शामिल थीं। इनके द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित पैम्फलेट, पोस्टर, प्ले-कार्ड और फ्लेक्स बैनर के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून व्यवस्था) राजीव पचार, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन, पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) हनुमान प्रसाद मीणा, पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षिराज, पुलिस उपायुक्त (यातायात) सुमित मेहरड़ा और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। 110 जगह स्टेट GST टीम की छापेमारी, 200 करोड़ की टैक्स चोरी उजागर राजस्थान में वाणिज्य कर विभाग (स्टेट GST) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग ने प्रदेशभर में एक साथ 110 व्यवसायिक ठिकानों पर छापेमारी करते हुए करीब 200 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। आने वाले दिनों स्टेट GST टीम की और कार्रवाई देखने को मिल सकती है. टैक्स चोरी की सूचना पर 300 अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई को दिया अंजाम विभाग के मुख्य आयुक्त कुमार पाल के निर्देश पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए 300 अधिकारियों की टीम बनाई गई। जिन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ कार्रवाई का गई। राजस्थान में लंबे समय से प्लाईवुड, सैनेटरी आइटम, लोहा स्क्रैप, टाइल्स, खाद्य तेल, होटल, कपास, टिम्बर, रियल एस्टेट सहित कई सेक्टर्स में व्यापारियों के टैक्स चोरी में शामिल होने की सूचना मिल रही थी। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। प्रदेश में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर विभिन्न सेक्टर्स में एक साथ कार्रवाई हुई है। जिससे टैक्स चोरी में लिप्त व्यापारियों में हड़कंप मच गया। स्टेट GST की कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से कच्ची पर्चियां, फर्जी बिलिंग और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से जमाई कराए टैक्स, 10 करोड़ जमा छापेमारी के दौरान ही कई व्यापारियों ने टैक्स चोरी स्वीकार करते हुए स्वेच्छा से करीब 10 करोड़ रुपए की राशि विभाग में जमा करवाई है। विभाग द्वारा जब्त दस्तावेजों के आधार पर अब आगे जांच की जाएगी, जिससे आगे और भी बड़ी राशि राजस्व के रूप में प्राप्त होने की संभावना है। जयपुर में अवैध हुक्का बार व नाइट क्लबों पर CST क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 8 गिरफ्तार वहीं जयपुर में सी.एस.टी. (क्राइम ब्रांच) पुलिस आयुक्तालय ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बार व नाइट क्लबों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना एयरपोर्ट व गांधीनगर क्षेत्र में स्थित ख्वाब रेस्टोरेंट एंड क्लब और बुर्ज क्लब बेलाकासा पर छापेमारी कर 6 अभियुक्तों को कोटप्पा एक्ट में गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस 2023 में गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 25 हुक्का, 25 पाइप, 25 चिलम एवं 21 डिब्बे तंबाकू फ्लेवर जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि क्लबों की आड़ में नियमों के विरुद्ध हुक्का बार संचालित किए जा रहे थे। इस संबंध में दोनों थानों में कोटप्पा अधिनियम व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने कोटप्पा एक्ट में रमाकांत (35) पुत्र गिरधारीलाल शर्मा, निवासी मालवीय नगर, जयपुर, निखिल पुत्र सुरेश राजपूत, निवासी महादेव नगर, जयपुर, देवराज स्वामी (24) पुत्र मोतीदास स्वामी, निवासी सवाई माधोपुर, हाल बुर्ज क्लब बेलाकासा, जयपुर, विजय (34) पुत्र निरंजन कुशवाह, निवासी भरतपुर, हाल बुर्ज क्लब बेलाकासा, जयपुर, अजय निठारवाल (27) पुत्र रामकुमार जाट, निवासी जयपुर ग्रामीण, हाल बुर्ज क्लब बेलाकासा, जयपुर और जितेन्द्र सिंह (33) पुत्र उपेंद्र सिंह राजपूत, निवासी आगरा (उ.प्र.), हाल मैनेजर ख्वाब रेस्टोरेंट एंड क्लब, बापूनगर, जयपुर को गिरफ्तार किया है। वही बीएनएसएस मामले में पुलिस ने मोहम्मद शाकिब (26) पुत्र मोहम्मद अनीस, निवासी टोंक और साजीद अली (35) पुत्र बूरा मिया, निवासी टोंक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले हुक्का बार व क्लब संचालकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।


