शिक्षक फेडरेशन की क्रमोन्नत वेतनमान लागू करने की मांग:सूरजपुर में शिक्षकों ने वेतन विसंगति दूर करने के लिए ज्ञापन सौंपा

सूरजपुर में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। फेडरेशन ने वेतन विसंगति दूर करने और क्रमोन्नत वेतनमान लागू करने की मांग की है। यह ज्ञापन शुक्रवार को प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि संत साहू को जिला अध्यक्ष विजय साहू के नेतृत्व में दिया गया। फेडरेशन ने ज्ञापन में बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के संकल्प पत्र “मोदी की गारंटी” में सहायक शिक्षकों और शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा क्रमोन्नत वेतनमान लागू करने का आश्वासन दिया गया था। पार्टी ने सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर इन मांगों को पूरा करने का वादा किया था। हालांकि, दो वर्ष बीत जाने के बाद भी इन सुधारों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिक्षकों से किए वादे को जल्द पूरा करने की मांग जिलाध्यक्ष विजय साहू ने कहा, प्रदेश के हजारों शिक्षक आज भी ‘मोदी की गारंटी’ के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आगामी विधानसभा सत्र में सरकार इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी। शिक्षकों से किया गया वादा शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि शिक्षकों की इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वेतन विसंगति निवारण और क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ जल्द से जल्द प्रदान किया जाए। ज्ञापन सौंपते समय जिलाध्यक्ष विजय साहू के साथ नवल किशोर गुप्ता, प्रवीण श्रीवास्तव, सच्चिदानंद दुबे, देवेंद्र पांडे, शशि भूषण दुबे, विश्वनाथ सिंह, बनारसी सिंह, अमोल सिंह, बृजेश तिवारी, बसंत सिंह, बोस प्रताप सिंह, राजकुमार सिंह और निर्मल सिंह सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद थे। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *