हाई कोर्ट के आदेश के बाद वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. वीपी पांडेय ने शुक्रवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन के रूप में जॉइनिंग कर ली। उनके जॉइन करने के बाद विवाद की स्थिति बन गई है। प्रभारी डीन डॉ. अशोक यादव ने शासन को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उनके द्वारा प्रभार नहीं देने के बाद भी डॉ. पांडेय ने एकतरफा तरीके से जॉइन कर लिया। यह नियमों के खिलाफ है। मालूम हो, 30 नवंबर को एमजीएम के डीन डॉ. संजय दीक्षित रिटायर हुए थे। इस पर उन्होंने एमवाय अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. अशोक यादव को चार्ज सौंपा था। इस पर डॉ. पांडेय ने हाई कोर्ट में अपील की थी। डीन पद की गरिमा भंग हुई है
मेरे द्वारा चार्ज सौंपे बगैर ही डॉ. पांडेय डीन की कुर्सी पर बैठ गए। इससे न सिर्फ डीन पद की गरिमा भंग हुई है बल्कि विवाद की स्थिति भी बन गई है। – डॉ. अशोक यादव, कार्यकारी डीन, एमजीएम कोर्ट के आदेश पर पद संभाला हाई कोर्ट के आदेश के परिपालन में डीन का पदभार संभाला है। मामले की सूचना व आदेश की कॉपी प्रभारी डीन डॉ. अशोक यादव को दी है। – डॉ. वीपी पांडेय, डीन, एमजीएम मेडिकल कॉलेज


