जेसीबी मशीन से नष्ट करवाई जब्त चरखियां व मांझा:चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मंडावा में 1500 से अधिक चरखियां जब्त, करवाई नष्ट

कस्बे में पुलिस और प्रशासन ने चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड 21 स्थित चिरंजीलाल तोलासरिया हवेली से 1500 से ज्यादा चाइनीज मांझे की चरखियां जब्त की हैं। इन चरखियों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। चरखी 23 डिब्बों में भरी हुई थीं, वजन करीब 8-9 क्विंटल था। मुखबिर की सूचना पर मंडावा थानाधिकारी रामपाल मीणा, तहसीलदार सुरेंद्र भास्कर और नगरपालिका ईओ प्रमोद जांगिड़ की टीम रात को कस्बे के वार्ड नंबर 21 में चिरंजीलाल तोलासरिया हवेली पहुंची। जहां पर टीम ने छापा मारा तो अंदर भारी मात्रा में चाइनीज मांझा रखा हुआ था। टीम के सदस्यों के सहयोग से हवेली से चाइनीज मांझे की चरखियां बरामद की। इसके बाद टीम ने नगरपालिका के सामने ही जेसीबी की मदद से चरखियों को तोड़कर ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर ले गई और कचरे में डाला गया। काफी समय से बेच रहे हैं मांझा बताया जा रहा है कि मांझा बेचने वाले भाइयों की मंडावा में कई दुकानें हैं। यह कई सालों से पतंग और धागे का कारोबार कर रहे हैं। लेकिन यह चाइनीज मांझे को दुकानों की बजाय अपनी हवेली या अन्य स्थानों से ही बेचते हैं। एसडीएम को देंगे रिपोर्ट ईओ जांगिड़ ने बताया कि गोपनीय जानकारी मिलने के बाद संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। जिला कलक्टर की ओर से जारी आदेशों के अनुसार मंडावा एसडीएम को टीम का अध्यक्ष बनाया गया है। एसडीएम को लिखित में कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। 23 कार्टनों में भरी थी जब टीम ने हवेली में छापा मारा तो अंदर 23 कार्टन चाइनीज मांझे की चरखियों से भरे थे। इन कार्टन में 1500 से अधिक चरखियां थी। जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताए जा रही है। कार्रवाई टीम में सफाई निरीक्षक सत्यनारायण शर्मा, जमादार नरेन्द्र कुमार भी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *