सिवनी में दो दिनों से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट:पारा गिरकर 9.6 डिग्री पर पहुंचा, मौसम विभाग ने जताई और ठंड बढ़ने की संभावना

जिले में एक बार फिर सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। दो दिनों से चल रही शीतलहर के कारण दिन के समय भी लोग ठंड का सामना कर रहे हैं। दो दिन पहले तक तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड का असर थोड़ा कम हुआ था। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन बुधवार को यह गिरकर अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने जताई और ठंड बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने आगामी एक-दो दिनों तक इसी प्रकार के मौसम की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है। पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण ठंड का असर और अधिक हो रहा है। डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह इस कारण बुजुर्ग और बीमार लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने इन्हें विशेष देखभाल में रहने की सलाह दी है, क्योंकि ठंड के कारण सबसे ज्यादा यही लोग प्रभावित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। हर दिन जिला अस्पताल की ओपीडी में 600 से अधिक मरीज आ रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या सर्दी और बुखार से पीड़ित लोगों की है। डॉ. पी. सूर्या का कहना है कि किसी भी प्रकार की गंभीर सर्दी या बुखार होने की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना आवश्यक है। ठंड बढ़ने के साथ जिले और मुख्यालय में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे वाहन चलाने में काफी कठिनाई हो रही है। साथ ही सुबह सैर करने वाले लोगों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *