झांसी में गर्लफ्रेंड की लाश अस्पताल में छोड़कर प्रेमी भाग गया। दोनों के बीच 3 साल से अफेयर था। महिला दो दिन पहले प्रेमी के साथ रहने उसके घर पहुंच गई थी। वहां विवाद होने के बाद महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया- प्रेमी ने जहर खिलाकर मां की हत्या की। इसके बाद वो लाश को अस्पताल में छोड़कर भाग गया। उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरा मामला चिरगांव के भरतपुरा गांव का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़ते हैं 4 साल पहले पति की मौत हो गई मृतका का नाम नीलम कुशवाहा (35) था। वह ककरवई थाना क्षेत्र के कैरोखर गांव की रहने वाली थी। मृतका के देवर धर्मेंद्र कुमार ने बताया- नीलम की शादी 19 साल पहले मेरे बड़े भाई शगुनलाल कुशवाहा से हुई थी। उनके दो बच्चे 18 साल का राजेश और 12 साल की मोहिनी है। 4 साल पहले भाई शगुन की मौत हो गई थी। मेरे पड़ोस में भरतपुरा गांव निवासी रवि की रिश्तेदारी है। जहां रवि अक्सर आया करता था। 3 साल पहले उसकी भाभी नीलम से दोस्ती हो गई। ये दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों मिलने-जुलने लगे। रवि पहले से ही शादीशुदा है और उसके भी दो बच्चे हैं। दोनों को समझाया, मगर वे नहीं माने। पीछा छुड़ाना चाहता था रवि नीलम के बेटे राजेश ने बताया- लगभग एक साल से मां नीलम और रवि के बीच झगड़ा होने लगा। रवि मां को छोड़ना चाहता था। शुक्रवार को मां घर से बिना बताए निकल गई। मां को फोन करने पर पता चला कि वो रवि से मिलने चिरगांव में उसके खेत पर गई हैं। वो रात को भी नहीं आई। सुबह फिर फोन लगाया ताे पता चला कि रवि के पास ही हैं। दोपहर में रवि ने फोन करके बताया कि नीलम ने जहर निगल लिया। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने फोन किया कि नीलम की मौत हो गई। तब परिजन चिरगांव सीएचसी पहुंचे। जहां पर नीलम की लाश पड़ी थी। लाश छोड़कर रवि भाग चुका था। ट्रक चलाता है रवि देवर ने आगे बताया कि रवि ट्रक चलाता है। जबकि भैया की मौत के बाद भाभी नीलम खेती किसानी करती थी। रवि पड़ोस में अपनी रिश्तेदारी में आया करता था। तभी उसने भाभी से नजदीकी बढ़ा ली। देवर का आरोप है कि रवि ने जहर खिलाकर भाभी नीलम की हत्या की है। चिरगांव थाना प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि नीलम के मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह मालूम चल सकेगा कि मौत की असल वजह क्या है। रवि काे भी तलाशा जा रहा है। उससे भी पूछताछ की जाएगी।


